'नीब करौरी बाबा' के जीवन से प्रेरित 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर हिट, 272.23 करोड़ की कमाई
क़रीब पांच दशक पहले दुनिया छोड़ चुके एक संत, उत्तराखंड की पहाड़ियों में बना एक आश्रम और उस संत के जीवन से प्रेरित एक फ़िल्म.
'हनुमान अंश' की शुरुआत बड़ी हिंदी फ़िल्मों जैसी नहीं थी, लेकिन यह फ़िल्म इस समय सुर्खियों में है. इसकी वजह बॉक्स ऑफ़िस पर फ़िल्म की बड़ी कामयाबी है.
मशहूर फ़िल्म आलोचक तरन आदर्श के मुताबिक, फ़िल्म कुल रेवेन्यू के मामले में 300 करोड़ रुपये के क़रीब पहुंच रही है. आदर्श ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि गुरुवार तक फ़िल्म ने कुल 272.23 करोड़ रुपये की कमाई की है.
फ़िल्म समीक्षक कोमल नहाटा का कहना है कि फ़िल्म आसानी से 350 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लेगी.
फ़िल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने इसकी लागत 2 करोड़ रुपये से भी कम बताई.
फ़िल्म में क्या दिखाया गया है?
'हनुमान अंश' 'नीब करौरी बाबा' की ज़िंदगी और उनसे जुड़े क़िस्सों पर बनी फ़िल्म है. इसकी कहानी भोसले नाम के एक व्यक्ति से शुरू होती है, जो अपने पोते को बाबा से हुई मुलाक़ात के बारे में बताता है. इसके बाद कहानी बाबा के बचपन में पहुंचती है.
फ़िल्म में दिखाया गया है कि लक्ष्मी नारायण अपनी मां की मौत के बाद घर छोड़ देते हैं. उन्हें लगता है कि अगर वे भगवान तक पहुंच गए, तो शायद अपनी मां से दोबारा मिल सकेंगे.
आगे चलकर उनकी यह तलाश लोगों की मदद करने और भूखों को खाना खिलाने से जुड़ जाती है.
फ़िल्म में 'नीब करौरी बाबा' का मुख्य किरदार शोभिनव सत्या ने निभाया है.
Posted By: Gurjeet Singh Azad