राजपुरा के नीलम अस्पताल ने रचा इतिहास, 100 किडनी ट्रांसप्लांट सफल
राजपुरा,13 मई (राजेश डैहरा)
राजपुरा बनूड़ रोड़ पर स्थित Neelam Hospital में 100 सफल किडनी ट्रांसप्लांट पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजपुरा की विधायक मुख्य मेहमान के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में अस्पताल की डॉक्टरों की टीम, ट्रांसप्लांट करा चुके मरीज, उनके परिवारजन तथा डोनर भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस दौरान अस्पताल के डॉक्टर नितिन गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि नीलम अस्पताल में मरीजों को घरेलू और पारिवारिक माहौल प्रदान किया जाता है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज और डोनर को पूरी जानकारी दी जाती है तथा ट्रांसप्लांट से जुड़े सभी प्लस और माइनस प्वाइंट्स विस्तार से समझाए जाते हैं।
डॉ. नितिन गुप्ता ने मंच से बताया कि किडनी डोनेट करने वालों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं, जो अपने परिवार के सदस्यों के लिए आगे आकर जीवनदान देने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है।उन्होंने कहा कि सभी लोगों को जिनका हार्ट सही से कम कर रहा है उन्हें अपने अंगों को डोनेट करना चाहिए ताकि किसी जरूरतमंद मरीज को उसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान ट्रांसप्लांट करा चुके मरीजों और उनके परिजनों ने भी अपने अनुभव साझा किए और अस्पताल की सेवाओं की सराहना की। विधायक नीना मित्तल ने भी अस्पताल की टीम को 100 सफल किडनी ट्रांसप्लांट पूरे करने पर बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं लोगों के लिए वरदान साबित हो रही हैं।
Posted By: RAJESH DEHRA