पटेल पब्लिक स्कूल में ‘प्रिज्म-2026’ प्रदर्शनी का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा और रचनात्मकता
राजपुरा, 28 नवंबर(राजेश डैहरा)
पटेल पब्लिक स्कूल, राजपुरा में वार्षिक प्रदर्शनी ‘प्रिज्म-2026 – ए स्पेक्ट्रम ऑफ नॉलेज, क्रिएटिविटी एंड इनोवेशन’ का भव्य आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
प्रदर्शनी में अंग्रेजी, हिंदी, पंजाबी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कॉमर्स, बिजनेस स्टडीज, कंप्यूटर साइंस और कला सहित विभिन्न विषयों को शामिल किया गया। विशेष आकर्षण रोबोटिक्स मॉडल, STEM आधारित प्रोजेक्ट, आधुनिक तकनीक एवं विज्ञान से जुड़े प्रयोग रहे। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से यह दर्शाया कि किस प्रकार किताबी ज्ञान को व्यावहारिक रूप में उपयोग किया जा सकता है। उनकी प्रस्तुतियों में कल्पनाशीलता, मेहनत और टीमवर्क की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर पटेल मेमोरियल मैनेजमेंट सोसाइटी, राजपुरा के अध्यक्ष देवकी नंदन, उपाध्यक्ष हरप्रीत सिंह दुआ, महासचिव अमनजोत सिंह तथा सचिव श्री विजय आर्य उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त श्री नरेंद्र शास्त्री, सरदार गुरदीप सिंह, विजय भटेजा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। प्रबंधन समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों और उनकी प्रभावशाली प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती छाया नरूला ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, नवाचार और वैज्ञानिक सोच विकसित करना भी है। ऐसी प्रदर्शनियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता को बढ़ावा देती हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अतिथियों को अपने-अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रदर्शनी ने विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित एवं व्यावहारिक शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। ‘प्रिज्म-2026’ केवल मॉडलों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, नवाचार और सीखने की उत्सुकता का शानदार उत्सव साबित हुई।