Bathinda Lottery: पेंटर की चमकी किस्मत, 100 रुपये की टिकट से जीते 31 लाख रुपये
Bathinda Lottery: कहते हैं कि किस्मत बदलने का कोई समय तय नहीं होता। कब किसकी किस्मत चमक जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। ऐसा ही एक मामला पंजाब के बठिंडा से सामने आया है, जहां पेशे से पेंटर का काम करने वाले हामिल खान की किस्मत ऐसी चमकी कि महज 100 रुपये की लॉटरी टिकट ने उन्हें 31 लाख रुपये का मालिक बना दिया।
गोवा सरकार की ओर से संचालित राजश्री 100 गारंटीड लॉटरी के 18 नवंबर को निकले ड्रॉ में हामिल खान ने पहला इनाम जीता है। इस खुशी के मौके पर लॉटरी कंपनी की ओर से विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।
बठिंडा के बीबी वाला चौक स्थित बी.के.जी. लॉटरी काउंटर से खरीदी गई 100 रुपये की टिकट ने पेंटर हामिल खान की किस्मत बदल दी। राजश्री 100 गारंटीड लॉटरी के 18 नवंबर को निकले ड्रॉ में हामिल खान ने 31 लाख रुपये का पहला इनाम अपने नाम किया।
लॉटरी निकलने की खबर पर पहले नहीं हुआ विश्वास
जैसे ही हामिल खान को अपनी इस बड़ी जीत के बारे में पता चला, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दूसरों के घरों को अपने हाथों से रंगों से सजाने वाले पेंटर हामिल खान के घर अब खुशियों ने दस्तक दी है।
हामिल खान ने बताया कि जब उन्हें लॉटरी निकलने का फोन आया तो पहले उन्हें इस पर विश्वास नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने लॉटरी स्टॉल पर पहुंचकर इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अब वह अपना घर बनाएंगे।
हामिल खान की पत्नी भी इस जीत से काफी खुश नजर आईं। उन्होंने बताया कि वे मेहनत करके अपना घर बनाना चाहते थे, लेकिन भगवान की कृपा से उनकी लॉटरी निकल गई।
लॉटरी टिकट बेचने वाले विक्रेता को मिला ढाई लाख रुपये का इनाम
इस खास मौके पर राजश्री लॉटरी परिवार की ओर से विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान कंपनी के अधिकारियों राजकुमार वर्मा, भगत सिंह पंवार और वीरेश हिमानी ने लॉटरी विजेता हामिल खान और टिकट बेचने वाले विक्रेता विक्रमजीत सिंह का फूलों की माला पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर दोनों को लड्डू खिलाकर बधाई भी दी गई।
इसके अलावा लॉटरी टिकट बेचने वाले विक्रेता विक्रमजीत सिंह को ढाई लाख रुपये का प्रोत्साहन चेक और ट्रॉफी देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।