पंजाब सरकार का कर्मचारियों को दिवाली तोहफा, DA में 3% बढ़ोतरी का ऐलान
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
पंजाब सरकार ने राज्य के करीब 8 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली का तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदी की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसका ऐलान करते हुए कहा कि बढ़ा हुआ DA दिसंबर की सैलरी और पेंशन के साथ दिया जाएगा।
इस फैसले के साथ ही पंजाब सरकार ने पिछले दो महीनों में कर्मचारियों के DA में कुल 11 फीसदी की बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस बढ़ोतरी से कर्मचारियों को हर महीने 363 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा, जबकि कुल 11 फीसदी DA बढ़ने से सालाना 3988 करोड़ रुपये का फायदा होगा।
2022 में 28% था DA, अब बढ़कर 53% हुआ
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि साल 2022 में पंजाब के कर्मचारियों को 28 फीसदी DA दिया जाता था। साल 2026 में यह बढ़कर 53 फीसदी हो गया है। सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
71,777 युवाओं को दी गई सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग राज्य सरकार की योजनाओं से अधिक खुश हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने कभी यह नहीं कहा कि पंजाब का खजाना खाली है, जबकि पिछली सरकारें हमेशा खजाना खाली होने का दावा करती रही हैं।
भगवंत मान ने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार अब तक राज्य में 71,777 युवाओं को नई नौकरियां दे चुकी है।
तीन विधायकों के भाजपा में जाने पर क्या बोले भगवंत मान?
तीन विधायकों के भाजपा में शामिल होने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि विधायक बनना केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी पार्टी के साथ खड़ा रहना भी जरूरी होता है।
उन्होंने भाजपा में जाने वाले विधायकों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें जल्द पता चल जाएगा कि भाजपा में नेताओं की कितनी इज्जत होती है।
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह भी पहले भाजपा में गए थे, लेकिन उन्हें कभी नहीं पूछा गया। मान के मुताबिक, कैप्टन अमरिंदर सिंह खुद कह रहे हैं कि उनसे पटियाला के बारे में भी कोई सलाह नहीं ली जाती।