झिंजर ने घनौर में "मिशन फतेह" के तहत की जनसभाएं, बोले- लोग 'आप' से तंग आ चुके हैं
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
राजपुरा, 20 नवंबर:(राजेश डैहरा) यूथ अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हलका घनौर के प्रभारी सरबजीत सिंह झिंजर ने गुरुवार को "मिशन फतेह" अभियान के तहत, "हमारा मकसद नशा मुक्त हलका घनौर" के नारे के साथ, क्षेत्र के गांवों में जनसभाओं की श्रृंखला की। उन्होंने सेहरा, भेड़वाल झुंगियां, गंडिया खेड़ी, खैरपुर जट्टा और सुहरो में जनसभाओं को संबोधित किया।
सभाओं को संबोधित करते हुए झिंजर ने कहा कि उनकी बैठकों को लोगों का भारी समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा, "आज घनौर उम्मीद लगाए बैठा है।"
सत्ताधारी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस ने पांच साल लोगों को लूटा और अब आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने लोगों से तौबा करवा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि घनौर से 'आप' विधायक गुरलाल घनौर अपने काफिले में ऐसे लोगों को साथ लेकर घूमते हैं, जिनके खिलाफ दर्जन से अधिक एफआईआर दर्ज हैं, वह भी नशे से संबंधित। उन्होंने दावा किया कि 'आप' नशे के मामलों में नामजद लोगों को जिला स्तर के पद बांट रही है। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही "युद्ध नशों के विरुद्ध" अभियान चला रही है, लेकिन 'आप' के अपने लंबरदार के खिलाफ ही नशे के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं।
झिंजर ने 'आप' सरकार पर लोगों की भलाई के लिए कुछ न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 'आप' के संरक्षण में अवैध खनन बेखौफ चल रहा है, कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है, नशे की बाढ़ आई हुई है और युवा ओवरडोज़ से दम तोड़ रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार उन्हें झूठे मामलों में फंसा रही है, लेकिन वे सच बोलने से डरते नहीं हैं। उन्होंने लोगों से न्याय और सच के लिए आवाज़ उठाने की अपील की।
विधायक पर तंज कसते हुए झिंजर ने कहा कि विपक्ष पहले 'आप' विधायकों को "ट्रॉली चोर" कहता था, लेकिन अब 'आप' के अपने कार्यकर्ता ही अपने विधायक को यही कह रहे हैं।l मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रदेश में बदलाव लाने के दावों का जिक्र करते हुए झिंजर ने कहा कि सरकार मोहल्ला क्लीनिक बनाने के दावे करती है, लेकिन लोग बताएं कि क्या उनके इलाके में एक भी मोहल्ला क्लीनिक चलता दिखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुविधा केंद्र बंद कर दिए गए हैं और स्कूलों में अध्यापक ही नहीं हैं।
कल्याणकारी योजनाओं पर उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की सरकार के समय आटा-दाल योजना के तहत 30 किलो अनाज दिया जाता था, जिसे कांग्रेस ने घटाकर 15 किलो कर दिया और अब 'आप' सरकार में यह केवल 5 किलो रह गया है। उन्होंने कहा कि अकाली सरकार के कार्यकाल में कल्याणकारी योजनाएं पूरी तरह लागू की गईं।
झिंजर ने घोषणा की कि पंजाब में दोबारा अकाली दल की सरकार बनने पर आटा-दाल का कोटा बढ़ाकर 50 किलो किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अकाली दल सभी भूमिहीन परिवारों को 5-5 मरले के प्लॉट और शगुन स्कीम के तहत 1 लाख रुपये भी देगा। उन्होंने कहा कि ये वादे अकाली दल ने पहले भी किए थे और केवल अकाली दल ही इन्हें पूरा कर सकता है। इन बैठकों में पार्टी के वरिष्ठ नेता, स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।