दिल्ली ने लाहौर को पछाड़ा, बनी दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर

दिल्ली ने लाहौर को पछाड़ा, बनी दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर

भारत की राजधानी दिल्ली शुक्रवार को पाकिस्तान के लाहौर को पछाड़कर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गई। लगभग दो करोड़ की आबादी वाले इस महानगर में हवा की गुणवत्ता ‘खतरनाक’ स्तर तक पहुंच गई है। जहरीले स्मॉग की घनी चादर छाने के कारण दृश्यता भी बेहद कम हो गई है। सुबह के समय मुख्य सड़कों पर वाहन और मोटरसाइकिल घने धुएं के बीच से गुजरते दिखाई दिए। इस दौरान स्ट्रीट लाइटों की रोशनी भी धुंधली पड़ गई थी।

‘आईक्यूएयर’ (IQAir) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 334 दर्ज किया गया, जो ‘खतरनाक’ (Hazardous) श्रेणी में आता है। इस स्तर के साथ दिल्ली ने दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में पहला स्थान हासिल कर लिया है। उल्लेखनीय है कि 50 तक के AQI स्तर को ही स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित और अच्छा माना जाता है।

CPCB ने दिल्ली का AQI 403 दर्ज किया

दूसरी ओर, भारत के केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने दिल्ली की हवा का AQI इससे भी अधिक 403 दर्ज किया है। CPCB ने इसे ‘बेहद गंभीर’ (Severe) श्रेणी में रखा है। विशेषज्ञों के अनुसार, स्विस और भारतीय मानकों के आंकड़ों में यह अंतर वायु प्रदूषण को मापने और उसका वर्गीकरण करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अलग-अलग तरीकों और पैमानों के कारण देखने को मिलता है।

सर्दियों में बढ़ जाती है प्रदूषण की समस्या

उल्लेखनीय है कि उत्तर भारत और पड़ोसी देश पाकिस्तान के बड़े हिस्सों में सर्दियों की शुरुआत के साथ वायु प्रदूषण एक गंभीर मौसमी समस्या बन जाता है। ठंडी और भारी हवा के कारण वाहनों का धुआं, निर्माण कार्यों से उठने वाली धूल और पराली जलाने से निकलने वाला धुआं वातावरण की निचली सतह में ही फंसकर रह जाता है। इससे आम लोगों के लिए सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है।