Anant Singh Daughter Wedding: अनंत सिंह की बेटी की शादी में 30 लाख रसगुल्ले तैयार, 151 गाड़ियों के काफिले में पहुंची बारात

Anant Singh Daughter Wedding: अनंत सिंह की बेटी की शादी में 30 लाख रसगुल्ले तैयार, 151 गाड़ियों के काफिले में पहुंची बारात

Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा के विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदवां में हो रही है। इस शाही शादी के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। जयमाला की रस्म के लिए जयपुर थीम पर भव्य स्टेज बनाया गया है, जबकि करीब 10 एकड़ जमीन पर विशाल पंडाल तैयार किया गया है।

शादी में शामिल होने के लिए सांसद और मंत्री भी पहुंच रहे हैं। कई वीआईपी मेहमान हेलीकॉप्टर से समारोह स्थल पर पहुंचे। खास मेहमानों के लिए 10 एकड़ जमीन पर अलग पंडाल बनाया गया है। यहां 30 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां मेहमानों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

शादी में उमड़ी भारी भीड़, 10 किलोमीटर से ज्यादा लंबा जाम

इस शाही शादी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। भीड़ इतनी अधिक हो गई कि 10 किलोमीटर से ज्यादा लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। समारोह में 1 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की जानकारी दी गई है। कई दर्शक घुड़दौड़ देखने के लिए बिजली के टावरों पर भी चढ़ गए।

घुड़दौड़ देखने के लिए मैदान में उमड़ी भीड़ को देखते हुए आयोजकों ने प्रतियोगिता स्थगित कर दी। सुरक्षा कारणों से मैदान खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। अब घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला गुरुवार को होगा।

151 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचेगी बारात, 30 लाख रसगुल्ले तैयार

शादी में बारात के स्वागत के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। दूल्हे ऋषिकेश की बारात करीब 151 वाहनों के काफिले के साथ नदवां पहुंचेगी। दावा किया जा रहा है कि शादी में करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। मेहमानों को 140 से अधिक तरह के पकवान परोसे जाएंगे। इसके अलावा करीब 30 लाख रसगुल्ले भी तैयार किए गए हैं।

शादी का आकर्षण है घुड़दौड़ प्रतियोगिता

इस शादी का एक बड़ा आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी है। करीब 12 एकड़ जमीन पर आयोजित इस प्रतियोगिता को देखने के लिए भारी भीड़ जुट रही है। कुछ लोग घोड़ों की दौड़ देखने के लिए बिजली के टावरों पर चढ़े हुए भी दिखाई दिए। प्रतियोगिता जीतने वाले घोड़े के मालिक को एक थार गाड़ी पुरस्कार में दी जाएगी।

दावा किया जा रहा है कि इस शाही शादी में करीब 4 लाख लोग शामिल होंगे। इस बीच दुल्हन शिवांगी सिंह लाल साड़ी में शादी की रस्में निभाती नजर आईं।