तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा, वैन पेड़ से टकराई; 8 लोगों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख

तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा, वैन पेड़ से टकराई; 8 लोगों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख

Tamil Nadu Accident: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों तथा घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर एक पोस्ट में कहा, "तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में हुए हादसे में लोगों की मौत से मुझे बहुत दुख हुआ है। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।"

पुलिस के अनुसार, रविवार को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में मुसिरी के पास एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में वैन में सवार 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

यह दुर्घटना थुरैयूर-मुसिरी रोड पर जंबुनाथपुरम के पास हुई। बताया गया है कि वाहन सड़क से उतरकर नीम के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वैन में सवार लोग नामक्कल जिले में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के बाद तंजावुर जिले के थिरुकट्टुपल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।